Monday, March 17, 2014

अब कहाँ वो होली ?

अब कहाँ वो होली ?
दिनांक १७-०३-२०१४
     मार्च का महीना है ...आज होली का त्यौहार है  ... मोबाईल में होली मनाई जा रही है (भई दो दिनों से लगातार मोबाईल पर होली के एक से बढ़ के एक मैसेज, पिक्चर, और वीडियोज आ रहे हैं), फेसबुक पर होली मन रही है | दनादन स्टेटस अपलोड हो रहे हैं, रंग-बिरंगे मुस्कराते चेहरे और अबीर-गुलाल की थालियाँ स्क्रीन पे सजी हुई है| घर का सबसे महत्वपूर्ण सदस्य, जिसके पास कोई न कोई हमेशा बैठा रहता है अरे वही अपना बुद्धू बक्सा (टीवी), वो भी आज होली के गीत सुना रहा है|
   बस एक मैं ही हूँ  जो बार-बार खिड़की से बाहर झांककर देख रही हूँ | सड़क पर इक्का-दुक्का लोग नजर आ रहें हैं, कोई कार में सरपट भाग रहा है तो कोई स्कूटी में दुपट्टा लहराते हुए उड़ रही है | सामने के घरों में कुछ बच्चे गुब्बारे और पिचकारियों से खेल रहे हैं | मेरे घर भी कुछ मित्र और सहकर्मी आए , औपचारिक सी शुभकामना देकर , टीका लगाकर चले गए , सब कुछ फीका फीका सा | मन अभी भी उदास है अभी भी मेरी आँखें ढूँढ़ रही हैं हुरियारों की टोली को...जो बसंत पंचमी से होली की बैठक जमा लेती थी | केवल रंगों से नहीं संगीत के रागों से भी होली खेलती थी | हारमोनियम, ढोलक, तबला लेकर शास्त्रीय राग धमार से होली का आह्वान करते हुए  राग भैरवी से समापन करती थी | बसंत पंचमी को भक्तिमय गीतों  से प्रारंभ हुई होली शिवरात्रि तक श्रृंगार रस में भीग जाती थी और मदमस्त होकर झूम उठाते थे होल्यार ..
१-जल कैसे भरूँ  जमुना गहरी
ठाड़े भरूँ राजा राम देखत हैं
बैठे भरूँ जमुना गहरी
जल कैसे भरूँ  जमुना गहरी


  हुरियारों की टोली.. गाँव में होली गाते हुए प्रवेश करती थी .. कोई स्वांग धरकर आया है घूंघट डालकर मूँछों को छुपा रहा है तो कोई बड़ी सी तोंद बनाकर नाच रहा है | गोल घेरे में खड़े होकर एक ताल में होली गाते हुए नाच रहे हैं |
२- हो हो हो मोहन गिरधारी , हाँ हाँ हाँ मोहन गिरधारी
ऐसो अनाड़ी चुनर गयो फाड़ी, हँसी हँसी दे गयो मोहे गारी
 हाँ हाँ हाँ मोहन गिरधारी, हो हो हो मोहन गिरधारी

सफ़ेद कुरते पजामे और टोपी में सजे हुरियार, जिन्हें  हम पहाड़ी में ‘होल्यार’ कहते थे, जिनके ढप की थाप, ढोलक की धमक और होली है...है है  की गूंज सबको रोमांचित कर देती थी , हर कोई घर से बाहर आने को मजबूर हो जाता था |बाहर आते ही सब एक रंग में रंग जाते थे ... होली का रंग, मिलन का रंग और खुशी-आनंद का रंग |
    आँगन में होल्यार झूम झूम के गा रहे हैं , खिड़कियों, छतों से होल्यारों पर रंगों की बौछार हो रही है | हँसी-ठिठोली और एक दूसरे को भिगो देने की चाह ... पक्के रंग में रंग देने की कामना ... यूँ लगता है नेह का समंदर उमड़ रहा हो ...बच्चों का उत्साह तो निराला है| कोई  अपनी नन्ही हथेलियों को रंगे है, किसी ने मुठ्ठी में गुलाल छुपाया है तो कोई पिचकारी की धार से सराबोर कर देना चाहता है |  इसी बीच होल्यारो के लिए चाय, नाश्ता , सौंफ और  सुपारी के साथ पेश किया जाता है|  छककर सब, होली है..... के उद्घोष के साथ अगले घर की ओर बढ़ जाते हैं एक और  नई उमंग के साथ |
कहाँ गयी वो होली ... जहाँ मैं दादा की गोद में बैठकर उनके गुरु गंभीर स्वर में बैठकी होली सुनती थी....
शिवजी चले गोकुल नगरी ... शिवजी चले गोकुल नगरी ...
आज भी लगता है अभी अभी चाचाजी ने कान में गाया है
झुकि आयो शहर में व्योपारी ,
इस व्योपारी को भूख बहुत है
पुरिया पका दे नथ वारी
झुकि आयो शहर में व्योपारी

                  आज होली, बस स्क्रीन पर है , (टीवी का स्क्रीन, मोबाईल का स्क्रीन, कंप्यूटर का स्क्रीन) | हमारे जीवन से होली विदा हो रही है बाकी सभी विरासतों की तरह ... रह गए है बस जहरीले रसायनों वाले रंग , जिनका जहर हमारे मन के जहर से तो शायद कम ही होगा |

कमला १७-०३-२०१४

                 







Tuesday, February 25, 2014

दरकते खेत पहाड़ों के





ये खेतों की सीढियां गवाह हैं ...

एक ही सांस में, जाने किस आश में.... 

पूरा पहाड़ चढ़ जाती पहाड़न के पैरों की बिवाई को ...

रोज छूती हैं ये सीढियाँ खेतों की ...

ये गवाह है पैरों में चुभते काँटों की ....

माथे से छलकती बूंदों की ...

जिसमें कभी आँखों का नमकीन पानी भी मिल जाता है ....


ढलती सांझ के सूरज की तरह... 

किसी के आने की आश की रोशनी भी ....

पहाड़ के उस पार जाकर ढल जाती है... 

रोज की तरह ... 

धूप भी आती है तो मेहमान की तरह

कुछ घड़ी के लिए ..

पर तुम नहीं आते ...


जिसकी राह ताकती हैं रोज ये सीढियां खेतों की ... 

 जिसकी मेढ़ पे किसी के पैर का एक बिछुवा गिरा है ... 

किसी के काँटों बिंधे क़दमों से एक सुर्ख कतरा गिरा है ...

कितनी बार दरकी है... टूटी है.. ये सीढियां खेतों की ... 

ये पीढियां शहरों की ....कब जानेंगी ?

                                                                  कमला 31-01-2014

                                                                         


कुर्सी और कविता



कुर्सी जीने नहीं देती
कविता मरने नहीं देती 

चारों पायों ने  मिलकर जकड़ रखा है 

उड़ने को बेताब कदमों को 


हाथों में थमी कलम 

दौड़ने को बिकल 

कल्पना की घाटी में 

जहां फूलों की महक में कोई सन्देश छुपा है 

जहां पंछियों के कलरव में मधुर संगीत गूंजा है 

अभी-अभी जहां बादलों ने सूरज से आंखमिचौली खेली है 


वो प्यारी सी रंगीन डायरी 

जाने कब से उपेक्षित है
धूल से सनी कोने पे पड़ी

हर रोज नजर आती है 

और मैं नजरें चुरा लेती हूँ 


फाइलों के ढेर में दबी जा रही कविता

टूटती साँसों के बीच अचानक 

कहीं दूर से इक हवा का झोंका 

डाकिया बन कानों में कुछ कह जाता है 


बंद लिफ़ाफ़े  की खिड़की से झांक

खिलखिला उठती है किताबें

किताबों में पाकर अपनी खोई सहेलियों को 

फिर से जी उठती है कविता 


सारे बंधनों  के बीच भी  

आजादी के कुछ पल पा लेती है कविता

कितना ही बाँधे कुर्सी 

उड़ान भर लेती  है कविता |


कमला निखुर्पा २३.०२.२०१४





Sunday, October 13, 2013

युग-चेतना: ‘ई’ जन्मदिन (E-Birthday)

युग-चेतना: ‘ई’ जन्मदिन (E-Birthday)rdkamboj@gmail.com

‘ई’ जन्मदिन (E-Birthday)

‘ई’ जन्मदिन (E-Birthday)
              दिल की गहराइयों से सभी मित्रों और प्यारे विद्यार्थियों का धन्यवाद जिन्होंने सैकड़ों सन्देश भेजकर ( माफी चाहती हूँ कि आप लोग वाल पर नहीं लिख पा रहे हैं ) मुझे याद दिलाया कि मेरा जन्मदिन है ..सच रोजमर्रा  की भाग दौड़ में, कब जिंदगी चुपके से निकल जाती है पता ही नहीं चलता ...कल का पूरा दिन यानि मेरा जन्मदिन ३० पृष्ठों का रिपोर्ट बनाने में गुजर गया |
                         मुझे बहुत याद आ रही है मेरी दादी की जो मेरे जन्मदिन पर सुबह - सुबह मुझे मंदिर ले जाती थी .. नहाधोकर वो नई फ्राक पहनना ...वो पूजा की थाल सजाना ... बगीचे में घूम-घूमकर सबसे सुन्दर  खिले हुए फूल चुनना ..दौड़ते हुए दो किलोमीटर पैदल चढ़ाई चढ़ माता नंदादेवी के मंदिर जाना ... .पहाड़ी के ऊपर चीड के पेड़ों के बीच बना छोटा सा मंदिर .. मंदिर के चारों ओर  लटकती ढेर सारी घंटियाँ, भक्तों की  मनोकामना पूरी होने का प्रतीक थी| मंदिर परिसर की साफसफाई कर हम दोनों धूप दीपक जलाते थे| उस वीराने में जंगल के बीच बने मंदिर में दिप दिपकर जलता दीपक और धूप का धुंआ मंदिर को और रहस्यमय बना देता था| मैं दादी के पीछे खडी-खडी सोचती थी क्या इस पत्थर के अन्दर भगवान् होंगे ? क्या वो मुझे देख रहे होंगे ?  मेरी दादी,  देवी  की मूरत के सामने आंखे बंदकर मन ही मन जाने क्या-क्या बोलती रहती थी ... मैं चुपके से उनके मुंह के पास अपने कान लगा सुनने की कोशिश करती पर कुछ समझ में नहीं आता था| हारकर मैं मंदिर की परिक्रमा करते हुए सारी घंटियाँ बजा-बजा कर सुनती  थी ... ये छोटी वाली घंटी इसकी कितनी प्यारी आवाज ...टिनटिन और ये बड़ा सा घंटा कितना ऊपर लटका है  ... उछल उछलकर जोर  लगाकर उसे बजाकर ही दम लेती .. उफ़ कितना घमंडी है ये घंटा |
       तभी पीले पंखों वाली तितली मेरे आगे-पीछे उड़ने लगती है  .. बस फिर क्या था तितली आगे-आगे और मैं पीछे-पीछे ... जैसे ही पकड़ने की कोशिश करती वो फुर्र से उड़ जाती कभी झाड़ी में ... कभी चट्टान  के ऊपर .. तभी दादी की पुकार सुनकर आसपास देखा तो पता चला कि तितली के साथ मैं मंदिर से बहुत दूर आ गयी हूँ |
मंदिर से वापस जाते हुए मैं दादी से बार बार पूछती हूँ .. अम्मा, आज तू मेरे लिए क्या बनाएगी ?
दादी हंसकर कहती – हलवा पूरी और आलू के गुटके |
मैं आज पूरा दिन खेलूंगी , मेरी गुडिया का डब्बा मुझे दे देना ..|
हाँ हाँ दे दूंगी, पहले घर चलकर मेरी मदद तो कर|
अम्मा, तुम मेरी गुडिया को मत छुपाया करो और हाँ मेरी गुडिया को भी नये कपड़े चाहिए , दोगी ना ??
    मेरी अम्मा ...(लोग कहते थे कि वो सौतेली है उसकी अपनी कोई संतान नहीं) पर मेरे लिए वो सबसे प्यारी , दुनिया से निराली .. उसकी आँखों में ममता का समन्दर लहराता था ..उसकी गोद में  बादलों की कोमलता थी  ..उसकी बातों में परियों की कहानियाँ थी .. जिसका प्यार भरा स्पर्श मैं आज भी महसूस करती हूँ  और पार आकर जाती हूँ हर बाधा को |
    घर के कोने वाले कमरे में एक छोटा सा मंदिर .. जिसमें ढेर सारे देवी देवताओं की तस्वीरें हैं . बहुत सुन्दर सजाया गया है . सबसे पहले हलवा पूरी भगवानजी के सामने  चढ़ाया गया .. मुझे भी चौकी में बिठाकर अक्षत रोली-टीका लगाकर अम्मा ने मुझे फूलों की माला पहना दी .. वहां उपस्थित सभी लोग हंसने लगे .. मैंने सबके पैर छुए और आशीर्वाद लिया |
खाना खाते-खाते मैंने देखा कि चाचाजी मेरा बस्ता निकाल रहे हैं ...
नहीं ....आज मैं नहीं पढूंगी ..
बस गणित के चार सवाल कर ले बेटा ,, फिर छुट्टी ..
खाना आधा छोड़कर मैं भाग गयी बगीचे में .. जहाँ आम ..अमरूद, केला, लीची के पेड़ अपनी डाले फैलाए मेरी राह  देख रहे थे .. जहाँ नर्म घास पर खिले जंगली फूल मुझे बुला रहे थे .. जहाँ रंग बिरंगी चिड़िया कब से चहचहाकर मुझे पुकार रही थी |
काश जिन्दगी में भी Crtl + Z का विकल्प होता तो कितना अच्छा होता.....


कमला निखुर्पा

गुजरात

Sunday, August 18, 2013

नीला नभ , आसमान में आँचल लहराती प्रकट हुई मेघा रानी ,  पेड़ों के पीछे छुपा है नटखट पवन... मेघा रानी को दौड़ा रहा है ...ये क्या दौड़ते -दौड़ते मेघा तो नकचढी बिजली से टकरा गयी... उफ़ गगरी फूट गयी और झर- झर  गिरने लगे सावनी हाइकु ... 

हवा   दौडाए 
 भागी भागी फिरे है 
मेघा पगली |

गिरी धम से 
टकराई बिजली 
फूटी गागर |


चूनर हरी 
 भीगी वसुंधरा की 
सिहर उठी |


मुख निहारे
निर्मल  नीली  झील 
बनी दर्पण |

पावस रानी 
टिप टिप बजाए 
जल तरंग | 

झूमे रे तरु 
पपीहरा गाए है 
नाचे है मोर |



कमला निखुर्पा 
१९ अगस्त २०१३ 

Thursday, August 15, 2013

ज़रा याद करें कुर्बानी



आजादी  पर्व 
है भारतवासी को  
देश पे गर्व । 

उड़ता मन 
विस्तृत गगन  में 
तिरंगे संग । 

गाए अवाम 
एक सुर में आज 
वन्देमातरम । 

लगाए गश्त 
चौकस हैं  निगाहें 
सीमा  प्रहरी । 

लगाता घात 
मित्र बनके  शत्रु 
 धराशायी तू । 



गड़ती  कीलें 
देख तेरा ताबूत  
 माँ के दिल में । 

भारत माता 
लगे श्वेत  साड़ी  में 
तेरी विधवा  । 

 मिट  के भी तू 
अमर है  शहीद
गूंजे ये गीत । 

कमला