Wednesday, December 31, 2014

मनाऊँ मैं कैसे नया साल




मनाऊँ मैं कैसे नया साल

फिर आया ३१ दिसंबर , मनाऊँ मैं कैसे नया साल ?
वो बिखरे-बिखरे बालों वाली,
चिथड़ा ओढ़े काँप रही |
नन्ही सी हथेली फैलाकर,
वो जाने क्या कुछ माँग रही |
भूखी प्यासी और वीरान, आँखों में उसके कई सवाल |
मनाऊँ मैं कैसे नया साल?





  वो सुबह-सवेरे घर से निकला है,
  झुण्ड में चल रहा पर अकेला है|
  पढ़ने-लिखने की उम्र में,
  हाथों में लिए एक तसला है |
स्कूली बच्चों की किलकारी सुन, क्यों धीमी पड़ गई उसकी चाल?
मनाऊँ मैं कैसे नया साल?









  वो पगला सड़क पर डोल रहा,
  कितना कुछ खुद से बोल रहा |
  झिड़कियां सुन, पत्थर खाकर भी,
  फिर-फिर करता किल्लोल रहा|
क्यों लहूलुहान हुई संवेदना, क्यों मानवता घायल बेहाल ?
मनाऊँ मैं कैसे नया साल?






  कहीं बम के धमाके गूंज रहे ,
  कहीं अस्मत हो रही तार-तार|
  कहीं कोखें सूनी हुई माँओं की ,
  कहीं सजा भ्रष्टों का बाज़ार|
सबकुछ भुला कैसे नाचूँ गाऊं, कैसे मिटे मन का मलाल |
मनाऊँ मैं कैसे नया साल?





  आओ लगाएँ घावों पे मरहम
  आँसू पोछें मुस्कान खिलाएँ |
  सर्द हो रहे रिश्तों को आँच दें,
  अपनेपन का अलाव जलाएँ |
मिलजुलकर हमतुम संग चलें तो, होगा भावी साल खुशहाल |
तब हंस गाकर खुशियाँ बांटकर, फिर-फिर मनाएँ नया साल |

कमला निखुर्पा

 

 








  

Tuesday, December 30, 2014

Morning Walk

 मॉर्निग वॉक

    सुबह सुबह ताजी  हवा के झकोरों से बात करते हुए मैं हरे-भरे घास के मैदान से मिलने जा रही थी | सड़क के दोनों तरफ अमलतास और गुलमोहरों ने कलियाँ बिखेरकर रंग-बिरंगा कालीन बुना था | पंछियों की चहचहाती चुहल अलसाई भोर को झकझोर रही थी | सड़क पर मॉर्निग वॉक करने वालों की चहलकदमी शुरू हो गई है |
    वो देखो ... कमर में मोटा सा पट्टा बंधे बूढी दादी हाथ में पॉलीथिन लेकर चल रही है , थोड़ी देर में दादी की पॉलीथिन आम, जामुन  और पूजा के फूलों से भर जाएगी जब तक आम, जामुन का सीजन रहेगा, दादी के हाथ में थैला रहेगा |
 वो सामने से हरियाणा वाली दीदी आ रही हैं ... हाथ में प्लास्टर बंधा है पर मॉर्निग वॉक तो जरूरी है जी | पता है हाथ में प्लास्टर क्यों बंधा है? दरअसल ये भी जामुन चुनने के लिए भागी-भागी जा रहीं थी, अचानक ठोकर लगी और धड़ाम ... ४५ दिनों के लिए हाथ बेचारा बंधन में बंध गया| अब वो कहती फिरती हैं बहनजी लालच बुरी बला है |“
   कोई धीरे धीरे कदम घिसटता हुआ चल रहा है, कोई इतनी तेजी से लंबे-लंबे डग भर रही है, लगता है उसकी बस छूटने वाली है , ये देखो ये आ रहे हैं खिलाडी महाशय, ट्रैक सूट में सजे, स्पोर्ट्स शूज बाँधे दौड़-दौड़ कर हलकान हुए जा रहे हैं |
         मेरे कदम इन सबको देख कभी तेज तो कभी धीमे हो जाते हैं और  मेरी आँखें  ऊंची फुनगियों में चिरिया रानी को खोजती रहती हैं | रंग-बिरंगी चिरैया , कभी चंचल , कभी डरपोक चिरैया ... चहककर मिठास घोलती चिरैया ... नन्हे पंख पसार आसमान को छूती चिरैया | काश मैं भी एक चिरैया होती ..
पागल मन
छूना चाहे संसार
पंख पसार |

Tuesday, October 7, 2014

तस्वीर तुम्हारी

जब भी देखती हूँ तस्वीर तुम्हारी 

बस देखती ही रह जाती हूँ  

तस्वीरों के रंग 

बिखर बिखर जाते हैं मेरे वजूद में 

यादों  के मेघ तले, रंगों की बारिश में भीजती 

चुपके से होठों पे सज जाती है 

इन्द्रधनुषी मुस्कान |



जब भी सुनती हूँ बातें तुम्हारी 

बस सुनती ही रह जाती हूँ 

कुछ कह नहीं पाती 

शहद सी मीठी तेरी बातें 

घुल जाती है अंतर्मन में 

अनजाने ही सरगम के मधुर सुर 

गूंजने लगते है कानों में  |



जब भी मिलती हूँ तुमसे 

मिलने से पहले ही ये तन्हाई 

डर जाती है,  जाने क्यों सहम  जाती है 
  
कि मिलने के बाद बिछुडना भी है  

छुप जाती है अपनी ही परछाई की ओट में 

हाथों में लिए तस्वीर तुम्हारी ..

                                                           
                                                             

                                                    कमल













Wednesday, September 3, 2014

आज उदास है मन ..











बीता  दिवस 
बरस मास बीते 
खुशियाँ  रीती |

रस की नदी 
बही थी कलकल 
सूखने चली |



एकाकी मन 
बुनता ही रहता   
मीठे सपन |



किससे कहें ?
कसक मनवा की 
दूर अपने |


कहाँ  जा छुपी ?
अभी-अभी थी यहीं
पगली हँसी |


रोके ना रुकी 
बरसी बह चली 
सावनी झड़ी |

                                      कमला 

Saturday, August 30, 2014

हरी चूनर




हरी चूनर
पीले फूल काढता
दर्जी बसंत |


माँ तेरी गोद

आज  माँ तेरी गोद फिर आयी याद  .
वो आँचल मैला  सा 
जिसके कोने में तू बांधती थी
 हरदम एक गाँठ |
तेरा फटा सा  आंचल देता था जो सुकून
नहीं नसीब है वो.
-0-


जनकनंदिनी सीता



i-जनकनंदिनी सीता
क्यों दी तुमने अग्नि परीक्षा?
कि युगों बाद आज भी
यही परंपरा निभाई जा रही,
पहले चिता को सजाकर सीता
सती बनाई जाती रही,
और अब
दहेज के लिए रोज
कई सीताएँ जलाई जा रहीं।

ii-मैथिली

मिथिला की राजकुमारी तुम!
क्यों सहे तुमने कष्ट वनवास के
क्यों वर्षों तक वन में
नंगे पांव कांटों पर चलती रही तुम?
कि हर युग में हर कदम पर
नारी को काँटों का उपहार ही मिला।
अपने घर पर रहकर भी
उसने केवल वनवास ही जिया।

iii-वैदेही

तुम्हें नहीं मालूम?
बदल चुकी है अब 
देह की परिभाशा
घुट-घुटकर घर में रोती हैं
आज अनुसूयाअहिल्या
सभ्यता के रुपहले पर्दे पर
नग्न नृत्य करतीं हैं
शूर्पनखा और ताड़का।

iv-जगत्- जननी सीता

क्यों दी तुमने अग्नि परीक्षा?
कि वासना के विमान पर सवार होकर
दसों दिशाओं से दशानन
अट्टहास कर रहा है।
हर घर में सीता के लिए
अविश्वासअसुरक्षा का अग्निकुंड सजा रहा है।

v-जानकी

जने थे तुमने वीर पुत्र,
वीर प्रसू थी तुम
फिर भी नहीं रोक पाए वे
धरती के गर्भ में समाती
अपनी जननी को
तभी तो आज भी
यही परंपरा निभाई जा रही है।
नन्हीं अजन्मी सीताएँ,
माँ की कोख से छीनकर
धरती के गर्भ में दफनाई जा रहीं हैं।
युगों युगों से क्यों यही
परंपरा निभाई जा रही है।
000000000