Saturday, January 14, 2012

चुनावी तांका

छली गयी थी ,
जनता हर रोज 
जागी है अब, 
ले रही अंगडाई |
बचना रे भाई | 



टोपी सजेगी , 
सर माथे रखेगी ,
ईमानदारों  के |
भ्रष्टों के गले होगी ,
जूतों की लड़ी |






भूख को रोटी, 
तन को मिले वस्त्र | 
सर को छत, 
मिल जाए जो सबको ,
फिर क्यों उठे शस्त्र ?












और अंत में ......जनता जनार्दन !  ये जान लीजिए-  


ई राजनीति 
का होत है बबुआ ? 
किच्छौ नाही रे ...
ई पइसा का खेला 
चार दिन का मेला | 





Wednesday, January 11, 2012

दर्द की भाषा

हाइकु 


98
दर्द की भाषा
मन की ये हताशा
आंसू ही बांचे |


99
मन में चुभी
व्यंग्य वाणों की कील
घाव ना भरें |

100
शब्द हैं चुप  
भीगी पलकें कहे
मन की पीर |
101
चूनर भीगी
भीगे नैन बावरे
मन है  प्यासा !


102
जोडने चली 
खुद टूट गई वो
औरत जो थी |

103
पहाड  बना
अहम पुरुष का
नारी तू  राई ?

Tuesday, December 6, 2011

झूमे रे मन ...



निशा समेटे
तारों भरी चूनर
लो उषा आई ....






उषा के गाल
शर्म से हुए लाल
सूरज आया ...




आया सूरज
किरणें इतराई
खिले कमल ...

खिले कमल
महकी यूँ फ़िजा
भँवर जागा ....

जागे भँवर
गुन्जारे गुनगुन
तितली नाची ....


 नाचे तितली
ता थई ता थई ता
हँसी दिशाएँ....

हँसी दिशाएँ
गगन भी मगन
बावली धरा ....

बावली धरा
ओढ़े धानी चूनर
गाए रे पंछी ...

गाए रे पंछी
गीत मनभावन
 झूमे रे मन ...


Wednesday, October 19, 2011

चोका में बहना


जनम मिले
मुझे जब जग में
तुम हो बहना
हो चाहे प्रलय भी
साथ न छूटे
हम दोनों का कभी
हाथ न छूटे
मैं रहूँ ॠणी सदा
तेरे प्यार का
बँधा ही रहूँ सदा
स्नेह -डोर से
हृदय  के छोर से
तुम पावन
मेरी मनभावन,
मेरा गहना
सुख-दुख में मेरे
गले  लगे रहना


'हिमांशु '